रेवाड़ी। चोरी के बाद अलमारी का सामान इधर-उधर बिखरा हुआ। स्रोत: सोशल मीडिया
रेवाड़ी। गांव गढ़ी में चोर एक घर से करीब चार लाख रुपये के सोने के गहनों के अलावा 24 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। कसौला थाना पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कसौला थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी निवासी सतीश ने बताया कि उनका एक बड़ा भाई सुनील है। दोनों के परिवार साथ में रहते हैं। रात को वह परिवार सहित पुराने घर के पास ही प्लॉट में सोने चले गए। पुराने घर में उनकी मां मिश्री कमरे में सो रही थी। सुबह उन्हें पता चला कि पुराने घर में चोरी हो गई है। परिवार के सभी लोग पुराने घर पर गए तो रसोई के साथ वाले कमरे का ताला तोड़कर अलमारी व संदूक से उसकी पत्नी अवनेश की एक सोने की चेन, एक सोने का हार, एक सोने की जौ माला, 4 सोने की अंगूठी, सोने की 7 झुमकी, चांदी की 6 पाजेब, 15 हजार रुपये की नकदी के अलावा डेढ़ किलो घी गायब मिला। चोर मिश्री के कमरे से बक्सा भी चोरी करके ले गए, जिसमें आधार कार्ड की कॉपी, बैंक पासबुक और 1000 रुपये थे। दूसरे कमरे में बड़े भाई सुनील का सामान रखा था। उसमें से चोर संदूक से 200 ग्राम चांदी का एक टिक्का और 8 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। सतीश ने चोरी की सूचना तत्काल कसौला थाना पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद सतीश की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।