रेवाड़ी। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष मदन सिंह ने वीरवार को प्रेसवार्ता में कहा कि आम आदमी पार्टी आज जिलास्तरीय प्रदर्शन करेगी। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जिले के बावल कस्बे में आंबेडकर चौक पर खड़े होकर युवाओं के रोजगार की आवाज उठाएंगे। बुधवार को आम आदमी पार्टी ने करनाल में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया और युवाओं के रोजगार की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष एक्स सर्विसमैन कमांडेंट संतोष यादव ने कहा कि सरकार ने कौशल रोजगार निगम के नाम से युवाओं को बरगलाने का काम कर रही है। स्थायी नौकरी न देकर हरियाणा के कौशल विकास के नाम पर युवाओं के साथ धोखा किया जा रहा है।
जिला उपाध्यक्ष नरेश चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 2023 में युवाओं को 50 हजार रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन सरकार एक हजार पद भी नहीं दे पाई। आज हरियाणा में 25 लाख युवा बेरोजगार हैं, हरियाणा के हर घर में युवा बेरोजगार हैं और सड़कों पर भटकने को मजबूर हैं।इस मौके पर जिला मीडिया प्रभारी मनोज अन्ना, जिला उपाध्यक्ष नरेश चौधरी, जिला सहसचिव कपिल व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।