जेल के निरीक्षण दौरान कैदियों की जांच करते पुलिसकर्मी
- फोटो : Rewari
पुलिस महानिदेशक मनोज यादव के निर्देश पर साउथ रेंज रेवाड़ी के एडीजीपी श्रीकांत जाधव के मार्गदर्शन और एसपी
नाजनीन भसीन के नेतृत्व में शनिवार को एसडीएम रेवाड़ी और डीएसपी मुख्यालय सहित पुलिस के अन्य अधिकारियों ने जिला जेल का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुलिस बल सहित जेल में बंदियों को दी जा रही सुविधाओं और खाने आदि की भी जांच करते हुए उनके रहने वाली बैरक के साथ साथ आसपास की जगह पर की गहनता से जांच की। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने जेल में
कैदियों को मिल रही सुविधाओं का भी जायजा लिया। सलाखों के पीछे बैठकर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों पर शिकंजा कसने और जेलों में बंद कैदियों के बीच होने वाले लड़ाई झगड़ों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस महानिदेशक मनोज यादव द्वारा पुलिस के आला अधिकारियों को निर्देश दिये गए थे। उन्ही निर्देशों की पालना करते हुए शनिवार को एसडीएम रेवाड़ी रविंद्र कुमार व डीएसपी मुख्यालय हंसराज दलबल सहित अचानक सुबह के समय जिला जेल पहुंचे। अधिकारियों ने सबसे पहले कैदियों तथा उनके रहने वाली बैरक, स्नानगृहों की गहनता से तलाशी ली। तलाशी के दौरान जेल में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद अधिकारियों ने कैदियों को दिए जाने वाले खाने व अन्य सुविधाओं के बारे में भी पूछताछ की। तथा कैदियों को आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।