रेवाड़ी। डहीना ब्लॉक कार्यालय में मीटिंग में उपस्थित किसान। स्रोत: स्वयं
डहीना। रेलवे स्टेशन के निकट पार्क में राष्ट्रीय पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन योद्धा टीम की डहीना ब्लॉक इकाई की बैठक राष्ट्रीय संयोजक कमल सिंह यादव की अध्यक्षता हुई। करीब 40 से अधिक गांवों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसमें वृक्ष पेंशन योजना को लेकर चर्चा की गई। कमल सिंह यादव ने कहा कि हरियाणा में लगभग 4 हजार वृक्षों की पेंशन बंधी है। इसमें से रेवाड़ी के 650 करीब वृक्ष शामिल हैं। जो पर्याप्त नहीं है। रेवाड़ी में लगभग 30 लाख वृक्ष हैं। इनमें से 7 लाख से अधिक पेड़ ऐसे हैं, जो प्राण वायु देवता पेंशन योजना की सभी शर्तें पूरी करते हैं, लेकिन किसानों के जागरूक न होने तथा सरकार द्वारा ध्यान न देने के कारण अधिकतर किसान इस योजना से वंचित रह गए।
उन्होंने कहा कि पौधे लगाना आम बात है। उसकी देखरेख करना जरूरी है। जल है तो कल है और वृक्ष है तो हर पल है। इसलिए किसानों को पेड़ न काटने के लिए संगठन द्वारा मानव जीवन अमृत मिशन एवं प्रकृति पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए जागरूकता अभियान चलाया हुआ है, ताकि किसान पेड़ न काटें और पर्यावरण का संतुलन बना रहे। रेवाड़ी व हरियाणा के दूसरे जिलों को प्रदूषित श्रेणी से बाहर निकाला जा सके। इस मौके पर शक्ति सिंह, हरिसिंह, वेद प्रकाश, संजय कुमार, सुमेर सिंह, नरेन्द्र कुमार, अशोक कुमार, कृष्ण कुमार, शोभाराम, रमेश कुमार, चरणजीत, रविन्द्र, मुकेश कुमार, मनीष, सोमदत्त व अन्य मौजूद रहे।