स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी फोगिंग करते हुए। संवाद
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। जिले में डेंगू का डंक लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को 3 नए मामले आए और डेंगू के केसों की संख्या बढ़कर अब 303 पहुंच गई। पिछले एक दशक में दूसरी बार डेंगू का आंकड़ा 300 को छुआ है। पिछले वर्ष 2021 में डेंगू के कुल 306 मामले निकले थे, लेकिन इस बार यह आंकड़ा भी पार हो सकता है। लगातार आ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट है।
जहां भी केस निकल रहे हैं, वहां विभाग की टीम की ओर से फॉगिंग की जा रही है। इस बार डेंगू के केस जिस हिसाब से बढ़ रहे हैं, इसका अंदाजा नवंबर माह में आए मामलों से ही लगाया जा सकता है। नवंबर के 25 दिनों में ही डेंगू के 121 पॉजिटिव मामले आ चुके हैं। इधर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार अभी कम से कम 15 दिन और सावधानी बरतने की जरूरत है। डेंगू के मामले दिसंबर मध्य तक भी निकल सकते हैं। अगर डेंगू के लक्षण लगते हैं तो तुरंत विशेषज्ञ को दिखाकर स्वास्थ्य परामर्श लेना चाहिए। साथ ही डेंगू का टेस्ट भी कराना चाहिए।
52 मरीजों का अस्पतालों में चल रहा इलाज
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फिलहाल जिले में डेंगू के 52 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। जिसमें सरकारी में 9 मरीजों का इलाज चल रहा है। डेंगू के बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए अब सैंपलिंग भी बढ़ा दी गई है। शुक्रवार को 26 नए सैंपल लिए गए है। अभी तक जिले में 2678 लोगों के सैंपल लिए जा चुके है। जिसमें 303 मरीज डेंगू से पीड़ित मिले हैं।
-------
वर्जन:
डेंगू के प्रकोप को खत्म करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार प्रयास किए जा रहे है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर आम लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दे रही है। टीम घर-घर जाकर मच्छर के लार्वा की जांच की जा रही है। इतना नहीं जहां डेंगू के मरीज ज्यादा मिल रहे है, उन इलाकों में फॉगिंग का काम भी तेज कर दिया गया है।- डॉ. विजय प्रकाश, नोडल अधिकारी, डेंगू एवं मलेरिया