शिविर में अपनी समस्या लेकर पहुंचे लोग। स्रोत : प्रशासन
रेवाड़ी। उपायुक्त अभिषेक मीणा ने अधिकारियों को बरसात के मौसम में जल निकासी के उचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा के साथ आमजन की शिकायतें सुनीं। उन्होंने दूषित पानी की निकासी, रास्ते पर अवैध कब्जे और मंदिर व जोहड़ की जमीन पर अतिक्रमण के मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित हों ताकि नागरिकों को कोई परेशानी न हो। शक्ति नगर में सीवरेज की सफाई नहीं होने की शिकायत पर नगर परिषद को समाधान कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। इस अवसर पर अपर उपायुक्त राहुल मोदी, नगर मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार मौजूद रहे।