संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। एनीमिया मुक्त हरियाणा कार्यक्रम के तहत बावल में एसडीएम मनोज कुमार की अध्यक्षता में खंड स्तरीय बैठक हुई। इसमें एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निजी स्कूलों में भी बच्चों को आयरन की गोली खिलाई जाए।
उन्होंने सभी विभागों को स्कूलों एवं समुदाय स्तर पर आयरन युक्त आहार के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए ताकि खंड बावल को एनीमिया मुक्त बनाया जा सके।
इस अवसर पर स्वास्थ विभाग के डॉ. रामनिवास ने एनीमिया के कारणों, लक्षणों, प्रभावों एवं रोकथाम के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनीमिया की रोकथाम हेतु सभी लाभार्थी समूहों को आयरन सप्लीमेंट्स उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि एसएमओ डॉ. सीमा यादव के दिशा निर्देश पर 6 माह से 59 माह तक के बच्चों को आशा कार्यकर्ताओं द्वारा आयरन सिरप उपलब्ध कराया जा रहा है।
सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों की कक्षा एक से कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों को आयरन की पिंक गोली साप्ताहिक रूप से हर बुधवार को दी जा रही है, वहीं कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को आयरन की नीली गोली (केवल सरकारी स्कूलों में) दी जा रही है।
अन्य लाभार्थी समूहों को आयरन की लाल गोली उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि चिकित्सा विभाग द्वारा स्कूलों एवं गांवों में समय-समय पर एनीमिया जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं तथा एनीमिक पाए गए लाभार्थियों का उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।