रेवाड़ी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अभिषेक मीणा ने मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची को पारदर्शी, शुद्ध और अपडेट रखने के लिए सत्यापन कार्य गंभीरता से पूरा किया जाए।
इससे पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में चल रहे पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन कर रहे हैं। नागरिक बीएलओ को सही जानकारी और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाकर इस कार्य में सहयोग करें। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने का आह्वान किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची से संबंधित प्राप्त दावों और आपत्तियों का निर्धारित समय-सीमा में निपटारा किया जाए। बीएलओ सत्यापन कार्य में तेजी लाएं और उनके पास सभी संबंधित प्रपत्र उपलब्ध रहें।
डीसी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की संशोधित समय-सारणी के अनुसार अब दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है। इस दौरान पात्र नागरिक नया नाम जुड़वाने के साथ मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में त्रुटि होने पर दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
अंतिम मतदाता सूची 6 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांचने की अपील की। बैठक में एसडीएम रेवाड़ी दलबीर सिंह, एसडीएम बावल संजीव कुमार और नायब तहसीलदार चुनाव अजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।