रेवाड़ी। लघु सचिवालय में वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में डीसी अभिषेक मीणा ने गांव जैनाबाद और करनावास में अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिया।
समाधान शिविर में डीसी अभिषेक मीणा ने जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान जैनाबाद और करनावास के लोगों ने अवैध कब्जे की शिकायत की। इसको गंभीरता से लेते हुए डीसी ने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सारवान को गांव जैनाबाद और करनावास में अवैध कब्जे हटवाने के निर्देश दिए।
गांव ढोकिया में विद्यालय के समीप खोले गए शराब के ठेके का मुआयना कर उसे हटवाने का निर्देश दिया। एक शिकायत के आधार पर डीसी ने शहर की हंस नगर कॉलोनी में बंद पड़ी सीवरेज लाइन को खुलवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद समाधान शिविर में आई शिकायतों पर निगरानी रख रहे हैं। इसलिए अधिकारी इन शिकायतों का निपटारा करने के लिए गंभीरता से कार्य करें तथा काम होने के बाद उसकी रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को भिजवाई जाए।
समाधान शिविर के दौरान परिवार पहचान-पत्र की शिकायतें क्रिड विभाग के अधिकारियों ने अलग से सुनी गई। शिविर में 45 शिकायतों का समाधान किया गया।