रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर में छात्र संगठन इनसो के नेतृत्व में वीरवार को विद्यार्थियों की ओर से समस्या समाधान के लिए प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। वहीं प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों और सुरक्षाकर्मियों की बीच नोकझोंक भी हुई।
इस दौरान विद्यार्थियों ने बसों की कमी, कैंपस में वाई-फाई की सुविधा, शौचालय की सफाई, बस पास बनाने की तारीख बढ़ाने, परिणाम जल्द जारी कराने और लाइब्रेरी में पुस्तकों की कमी को दूर कराने की मांग की। कुलसचिव प्रो. प्रमोद कुमार ने विद्यार्थियों को समझाते हुए जल्द समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन बसों की समस्या को लेकर करीब एक घंटे तक विद्यार्थी वहीं पर डटे रहे। इसके पश्चात रोडवेज ट्रैफिक मैनेजर रितु ने वहां आकर छात्र नेताओं से बात की और बस सुविधा बढ़ाने का आश्वासन दिया, जिसके पश्चात विद्यार्थियों ने धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
इनसो के विवि अध्यक्ष रवि मसीत ने कहा कि विश्वविद्यालय में बसों की भारी समस्या है, जिसके कारण छात्रों के साथ-साथ छात्राओं को बसों में लटक कर आना पड़ रहा है। बुधवार को भी बस में लटकर विश्वविद्यालय में आ रहा एक छात्र गिर गया था। उन्होंने पटौदी, धारूहेड़ा, बावल के रूट पर अलग से बसें चलवाने की भी मांग की। इनसो के महेंद्रगढ़ जिलाध्यक्ष अभिषेक ने कहा कि महेंद्रगढ़ और नारनौल से भी काफी विद्यार्थी विश्वविद्यालय में आते हैं, जिसके चलते उनकी समस्याओं का समाधान जरूरी है। इस मौके पर आशीष, अजय, मनीष, यस, मोनी, रोहित, आशीष, पुनीत, शिवम, मनमोहन, साहिल, कपिल, अजय, परमिदर, हर्ष, योगेश, मयंक, दीपक, हितेश, अमित, जलसिंह, नीरज, आकाश, कपिल, पंकज, विपिन, हरप्रीत, शुभम, रोहित, विवेक, बिल्लू, आरती, नेहा, पूनम, डोली, रुचि आदि विद्यार्थी उपस्थित रहे।