अपनी बात रखने के लिए पहुंचा इनेलो प्रतिनिधिमंडल। स्रोत : प्रवक्ता
रेवाड़ी। अनाज मंडी में फसल बेचने के दौरान किसानों को आ रही परेशानियों और भावांतर योजना की राशि नहीं मिलने का मामला सामने आया है। इन समस्याओं को लेकर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के जिला अध्यक्ष डॉ. राजपाल यादव की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को रेवाड़ी अनाज मंडी का दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
किसानों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि उन्हें अपनी फसल बेचने के लिए रात 10 बजे से ही लाइन में लगना पड़ रहा है। इसके बावजूद उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने यह भी शिकायत की कि पिछले साल सरकार की ओर से घोषित भावांतर योजना की राशि अब तक कई किसानों के बैंक खातों में नहीं पहुंची है।
किसानों की समस्याएं सुनने के बाद इनेलो प्रतिनिधिमंडल ने मार्केट कमेटी के अध्यक्ष अनिल सैनी और सचिव नरेंद्र यादव से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को मंडी में किसानों और अन्य लोगों को आ रही समस्याओं से अवगत कराया तथा इनके जल्द समाधान की मांग की।
इनेलो जिला अध्यक्ष डॉ. राजपाल यादव ने कहा कि किसानों को फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मंडी में आने वाले किसानों और आम लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसानों और आम जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को उठाना पार्टी की प्राथमिकता है।
इस मौके पर प्रदेश लेबर सेल अध्यक्ष राजवीर चहल, संपत राम डहीनवाल, महिला जिला अध्यक्ष कमला शर्मा, सुमेर बणीपुर, वरुण गांधी, ललित टिकला, सुरेंद्र ढाकिया, कैप्टन विजय सिंह, कैप्टन रतन सिंह यादव, सतीश सुरखपुर, सोनू सैनी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।