रेवाड़ी। जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से संचालित बाल भवन को स्वच्छता का आदर्श केंद्र बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। परिसर में नियमित साफ-सफाई, पौधों की देखभाल और परिसर को सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।
जिला बाल कल्याण अधिकारी वीरेंद्र यादव ने बताया कि बाल भवन के सभी कर्मचारियों को अपने कार्यस्थल और परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यहां आने वाले बच्चों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्हें कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, आसपास साफ-सफाई रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कार्यालय, प्रशिक्षण कक्ष, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, पार्क सहित पूरे परिसर की प्रतिदिन सफाई कराई जा रही है। इसके अलावा पौधरोपण और हरियाली बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, जिससे बाल भवन का वातावरण स्वच्छ, सुंदर और बच्चों के लिए अधिक अनुकूल बन सके।