रेवाड़ी। नागरिक अस्पताल स्थित ब्लड बैंक। संवाद
रेवाड़ी। जिले में किस ब्लड बैंक में किस ग्रुप का कितना स्टॉक है, इसकी जानकारी अब ई-रक्तकोष पोर्टल पर मिल सकेगी। ब्लड बैंकों को पोर्टल से जोड़ने के साथ ही रक्तदाताओं का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। जिले में चार निजी बैंक हैं। नागरिक अस्पताल में सरकारी ब्लड बैंक है। कोसली स्थित नागरिक अस्पताल में एक ब्लड यूनिट लगाई गई है जो मरीजों को रक्त उपलब्ध कराती है।
नागरिक अस्पताल में सभी रक्तदाताओं का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। साथ ही कैंपों की भी पूरी डिटेल भरी जा रही है। इस ई-रक्तकोष पोर्टल के जरिए ब्लड कैंप के बारे में विस्तृत जानकारी मिलेगी। साथ ही डोनर को ये पता लग जाएगा कि उनके नजदीक में कहां पर कब रक्तदान शिविर लगेगा ।
इससे उनको दूर ब्लड डोनेशन के लिए नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही किसी जरूरतमंद को ब्लड चाहिए तो भी इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन होने के बाद डोनर को संबंधित अस्पताल में बुलाया जा सकता है।
ई-रक्तकोष के माध्यम से तीमारदारों अलग-अलग ग्रुप के रक्त की उपलब्धता के बारे में जानकारी हो जाएगी जिससे उन्हें रक्त के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इसमें डोनर खुद भी रजिस्टर कर सकता है।
डोनर के पंजीकरण का लाभ यह होगा कि रक्तदाता का रिकार्ड ब्लड बैंक में अपडेट हो जाएगा। ऐसे में ब्लड बैंक फोन कर आवश्यकतानुसार डोनर को बुला सकता है। सिविल अस्पताल के ब्लड बैंक द्वारा भी जहां कैंप लग रहे हैं, उनकी पूरी डिटेल भरी जा रही है। इस पोर्टल के पूरी तरह से चलने पर मरीज को ब्लड चढ़वाने और डोनर को ब्लड देने के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
-
वर्जन
ई-रक्तकोष शुरुआत में ट्रायल पर था लेकिन अब नियमित अपडेट करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके जरिए डोनर को यह पता चलेगा कि कब और कहां पर कैंप लगेगा। हमारे पास डोनर का रिकॉर्ड रहेगा। रक्त की जरूरत पड़ने पर डोनर को बुलाया जा सकेगा।- डॉ. संदीप यादव, इंचार्ज, ब्लड बैंक, नागरिक अस्पताल, रेवाड़ी।