रेवाड़ी। हरियाली के लिए जिले में सीजन के समय लगाए जाने वाले पौधरोपण कार्य को लेकर इस माह से नर्सरियों में थैली भरने का कार्य शुरू हो जाएगा। जिले की तीन रेंज में 6 नर्सरियां संचालित होती हैं, जहां सीजन में पौधरोपण के लिए पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। इस बार इन नर्सरियों में किस वैरायटी के कौन से पौधे उपलब्ध हैं, इसकी जानकारी सीजन के समय सभी नर्सरियां ऑनलाइन अपडेट कर देंगी। इससे लोगों को पता लग जाएगा कि जो भी मनपसंद का पौधा उनको लेना है, वह किस नर्सरी में है। इससे नर्सरियों में अनावश्यक चक्कर लगाने का भी झंझट खत्म होगा। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में इस वर्ष प्लांटेशन के लिए फरवरी में नर्सरियों में तैयारियां शुरू हो जाएंगी। इसके लिए पहले थैली भराई का कार्य किया जाएगा। इस बार सीजन के समय नर्सरियों को ऑनलाइन भी किया गया है। उस पर पौधों की डिटेल भी डाली गई है। ताकि कोई भी व्यक्ति घर बैठे अपने मनपसंद पौधे की तलाश कर सकता है।
यह नर्सरी संचालित
जिले की तीनों रेंज रेवाड़ी, बावल और नाहड़ की 6 नर्सरियों में फूलदार, छायादार, फलदार और मेडिसिन प्लांट के पौधे तैयार किए जाएंगे। रेवाड़ी रेंज में जेएलएन रेवाड़ी व मनेठी, बावल रेंज में बावल, जेएलएन पर शहबाजपुर नर्सरी पड़ती है। इसके अलावा नाहड़ रेंज में जाटूसाना व बेरली कलां में नर्सरी हैं। इन नर्सरियों में छायादार में बरगद, पीपल, सिरस, नीम, पिलखन, मेडिसिन प्लांट में आंवला, बेलपत्र, नींबू, जामुन, अर्जुन, तुलसी, इमली, आम व बेरी, इमारती लकड़ी में शीशम, सिरस, पहाड़ी, पापड़ी व अन्य, फलदार में पपीता, आंवला, बेलपत्र, नींबू, जामुन, आम व बेरी, फूलदार में गुलमोहर व अमलताश और अरावली में लगाने के लिए रॉज, खैरी, ढाक व खैर सहित अन्य पौधे शामिल हैं।
बरगद व पीपल के भी पौधे होंगे तैयार
जिले की तीनों रेंज में इस बार भी बरगद व पीपल के पौधे तैयार किए जाएंगे। पिछले सीजन में भी हर रेंज में यह पौधे तैयार किए गए थे। बरगद व पीपल के पौधे क्लस्टर में चयनित गांवों में सार्वजनिक जगह पर लगाए गए थे। पिछले वर्ष 100 गांवों में यह पौधे लगे थे।
पौधरोपण के लिए जल्द नर्सरियों में तैयारियां शुरू हो जाएंगी। इस बार सीजन के समय नर्सरियों को ऑनलाइन भी किया गया है। उस पर पौधों की डिटेल भी डाली गई है।
संजय यादव, रेंज अधिकारी, वन विभाग रेवाड़ी।