रेवाड़ी। 8 साल से अधिक के लंबे समय के इंतजार के बाद अब माजरा एम्स के शिलान्यास की तारीख आ चुकी है। 16 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिलान्यास करने के लिए रेवाड़ी में आएंगे।
माजरा गांव में बनने वाले एम्स से रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी, रोहतक, झज्जर, मेवात, पलवल व फरीदाबाद सहित राजस्थान के अलवर व झुंझुनू जिलों को भी इसका फायदा मिलेगा। 210 एकड़ में बनने वाले एम्स की घोषणा 2019-20 के केंद्रीय बजट में वित्त मंत्री ने की थी। देश के इस 22वें एम्स में प्रत्यक्ष रूप से करीब 3000 व अप्रत्यक्ष रूप से करीब 10 हजार लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत हरियाणा को केंद्र सरकार की ओर से सौगात मिली है। माजरा एम्स 750 बिस्तरों का अस्पताल होगा जिसमें मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज सहित आईसीयू स्पेशलिस्ट व सुपर स्पेशलिस्ट सहित करीब 1500 व्यक्तियों को प्रतिदिन ओपीडी में देखने की सुविधाएं होंगी। इसके अलावा प्राइवेट वार्ड, ट्रामा बेड व आयुष बेड की सुविधाएं भी कैंपस में मिलेंगे। कैंपस में नाइट शेल्टर, गेस्ट हाउस 1000 सीटों का ऑडिटोरियम , हॉस्टल व रेजिडेंसल सुविधाएं भी बनाई जाएंगी। इस एम्स में स्वास्थ्य सुविधाओं के बढ़ोतरी के साथ मेडिकल एजुकेशन, नर्सिंग और स्वास्थ्य संबंधित रिसर्च अनुसंधान को भी बढ़ावा मिलेगा। दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी, झज्जर, मेवात जिले के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए रोहतक स्थित पीजीआईएमएस, गुरुग्राम स्थित निजी अस्पताल व राजस्थान के जयपुर के अस्पतालों पर इलाज के लिए निर्भर रहते हैं।