रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम में वीरवार को आजादी का 73वां पर्व गौरवमयी ढंग से मनाया गया। इस मौके पर हरियाणा के लोकनिर्माण एवं वन मंत्री राव नरबीर सिंह ने राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली तथा देश के शहीदों को याद करके नमन किया।
राव नरबीर ने कहा कि वीरों की धरती व राव तुलाराम की धरा रेवाड़ी में तिरंगा फहराकर मुझे बड़े गर्व एवं खुशी का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि सशस्त्र सेनाओं में हर 10वां सिपाही हरियाणा प्रांत का है, जिसमें रेवाड़ी का विशेष योगदान है। साहित्यकार सत्यवीर नाहडिय़ा के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों ने मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी ने प्रथम, आरपीएस रेवाड़ी ने द्वितीय तथा ऋषि पब्लिक स्कूल रेवाड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मार्च पास्ट में महिला पुलिस ने प्रथम, अहीर कॉलेज की लड़कियों की एनसीसी इकाई ने द्वितीय तथा विकास इंटरनेशनल की जल सेना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मंत्री ने इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले समाजसेवी, अधिकारियों व कर्मचारियों को भी सम्मानित किया। मंत्री राव नरबीर सिंह ने इस अवसर पर 4 लाख रूपए देने की भी घोषणा की।
लोकनिर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने बावल रोड स्थित युद्ध स्मारक पर पुष्प चक्र चढ़ाकर शहीदों का नमन किया। इस अवसर एडीजीपी श्रीकांत जाधव, डीसी यशेन्द्र सिंह, जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल, एसपी नाजनीन भसीन, सिविल जज सी. डिविजन मोहित अग्रवाल, सीजेएम समप्रीत कौर व कीर्ति जैन, एडीसी प्रदीप दहिया, एसडीएम रविन्द्र यादव, सीटीएम अजय चौपड़ा, जिला शिक्षाधिकारी रामकुमार फलसवाल, सीएमओ डा. कृष्ण कुमार, तहसीलदार मनमोहन, सचिव जिला सैनिक बोर्ड कर्नल सरिता यादव, एमएलए रेवाड़ी रणधीर सिंह कापड़ीवास, एमएलए कोसली बिक्रम सिंह यादव, जिला भाजपा अध्यक्ष योगेन्द्र पालीवाल, व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश खोला सहित अन्य अधिकारीगण, स्वतंत्रता सेनानी, स्कूलों के बच्चे व अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।