स्वतंत्रता दिवस समारोह रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम में बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसके लिए बुधवार को उपायुक्त यशेन्द्र सिंह ने जिला सचिवालय सभागार में सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उपायुक्त यशेन्द्र सिंह ने कहा कि सभी अधिकारियों को इस समारोह को बेहतर तरीके से करने के हर संभव प्रयास करने होंगे। समारोह में होने वाले कार्यक्रमों की रिहर्सल 10 व 11 अगस्त को होगी और 13 अगस्त को फाइनल रिहर्सल की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व के ऐतिहासिक लम्हों को यादगार बनाने के लिए सभी अधिकारियों को मिलकर प्रयास करें। पुलिस प्रशासन की तरफ से रिहर्सल के साथ-साथ 15 अगस्त के दिन सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाए। सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार कोई कमी न रहे इसके लिए पुलिस विभाग उचित प्रबंध करे। नगर परिषद के अधिकारी कार्यक्रम स्थल व शहीदी स्मारक पर सफाई व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करना सुनिश्चित करेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी पीटी शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम की व्यवस्था को देखेंगे।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि उत्कृष्ठ कार्य करने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों के नामों की सूची 9 अगस्त तक उपायुक्त कार्यालय में भेज दें ताकि उन्हें सम्मानित करने पर विचार किया जा सके। यशेन्द्र सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी को सांस्कृतिक कार्यक्रम के इंचार्ज होंगे और वो अपनी देखरेख में बच्चों का पूर्वाभ्यास करवाएंगे।
सिंह ने कहा कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी समारोह स्थल पर पीने के लिए स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाने की व्यवस्था करेंगे। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) के कार्यकारी अभियंता को मैदान को समतल व बैरीकेटिंग कराने तथा सचिव नगर परिषद के सहयोग से वहां सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ-साथ मैदान के मुख्य गेट व सडक़ पर बने डिवाइडरों पर रंग रोगन का कार्य करेंगे। कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस तथा जिला शिक्षा अधिकारी समारोह स्थल पर रंगोली व फूल सज्जा का कार्य अपनी देख-रेख में करवाना सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि सिविल सर्जन द्वारा समारोह स्थल पर व रिहर्सल के दौरान एंबुलेंस, समारोह के दिन चिकित्सकों की टीम का प्रबंध किया जाए। साथ ही अग्निशमन अधिकारी को फायरब्रिगेड का प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस द्वारा यातायात को सुचारु रूप से चलवाने व वाहनों को खड़े करने की व्यवस्था की जाएगी। वहीं रोडवेज महाप्रबंधक को बच्चों को समारोह स्थल पर पहुंचाने के लिए बसों की व्यवस्था करने तथा जिला उद्यान विभाग व बागवानी विभाग के अधिकारी को पौधों के गमलों की व्यवस्था करेंगे। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त की तैयारियों में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। जिन अधिकारियों को कार्यक्रम की जिम्मेवारी सौंपी गई हैं सभी अधिकारी अभी से ही इस कार्यक्रम की तैयारियों में जुट जाएं। इस कार्यक्रम की ओवर ऑल इंचार्ज अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप दहिया को बनाया गया है।
बैठक में एडीसी प्रदीप दहिया, एसडीएम रेवाडी रविन्द्र यादव, एसडीएम बावल रविन्द्र कुमार, सीटीएम अजय चौपडा, डीआरओ मानव मलिक, जिला शिक्षा अधिकारी रामकुमार फलसवाल, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुरेश गोरिया, डीडीपीओ डॉ एसी कौशिक, सीएमओ डा. कृष्ण कुमार, तहसीलदार मनमोहन, जेवेन्द्र, कृष्ण कुमार, भूप सिंह, डीएसपी हंसराज, ईओ नगरपरिषद मनोज यादव सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।