दो दिन तक सर्कुलर रोड और बाहर की मार्केट से कब्जे हटाने के बाद शुक्रवार को अंदरूनी बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। गोकल गेट, पंजाबी मार्केट समेत मुख्य बाजारों में हटाए कब्जों के दौरान नगर परिषद की टीम को पूरे समय विरोध का सामना करना पड़ा। कई जगह तो लोग कब्जे न हटने देने के लिए अड़े।
हालांकि टीम ने शुक्रवार को 65 हजार रुपये के चालान काटने के साथ ही कब्जेधारियों के सामान भी जब्त किए। वहीं दोबारा कब्जे न करने की ताकीद दी गई। इससे पहले नगर परिषद की टीम ने बुधवार को 40 हजार रुपये के चालान, शुक्रवार को 54 हजार रुपये के चालान काटे थे। ईओ ने अभियान के दौरान सरकारी कामकाज में बाधा डालने वाले कुछ व्यापारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का फैसला लिया है।
पूरा गल्ला ले जाओ
गोकल गेट बाजार में नगर परिषद की टीम ने गेट की जड़ पर ही अतिक्रमण हटाने से शुरूआत की। यहां शुरुआती दो-तीन कार्रवाई में ही कपड़ा व्यापारी ने ईओ से बहस की। सड़क पर कब्जा देखकर ईओ मनोज यादव ने एक हजार का चालान भरने को कहा तो व्यापारी बहस पर उतारू हो गए। ईओ से व्यापारियों ने कहा कि एक हजार का चालान ही क्यों पूरा गल्ला साथ ले जाओ। व्यापारी का यह भी आरोप था कि कुछ ही जगह पर भेदभाव पूर्वक कार्रवाई की जाती है। ईओ ने आरोप को दरकिनार कर कहा कि रेलवे चौक की तरफ पड़ने वाली कब्जेवाली दुकानों के भी चालान हुए हैं।
ट्रैक्टर पर रखा सामान खींचने की कोशिश
गोकल गेट बाजार की तरफ से ही कब्जे हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान एक शू स्टोर का बाहर रखा सामान जब्त कर लिया गया। कुछ अन्य फास्ट फूड और जूस काउंटर भी मालिक न होने के कारण उठाए गए। एक काउंटर उठाने के बाद चलते ट्रैक्टर से काउंटर नीचे उतारा भी गया। हालांकि नगर परिषद की मौजूद टीम ने काउंटर को किसी तरह वापस हासिल कर लिया। इसके अलावा एक अन्य व्यापारी ने भी गली में ही सामान रखकर कब्जा किया हुआ था। उसका दो हजार का चालान काटने पर भी काफी गर्मागर्मी हुई।
आप क्यों जहमत उठा रहे, हम उठवा लेंगे सामान
मुख्य सड़क पर कार्रवाई कर अचानक नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी मनोज यादव टीम के अन्य सदस्यों के साथ पंजाबी मार्केट में दाखिल हो गए। यहां अचानक टीम को देख लोग सामान अंदर करने लगे। इस पर नप ईओ ने कहा कि आप क्यों जहमत उठा रहे, सड़क पर रखा आपका सामान हम उठवा लेंगे। व्यापारी ने हाथ जोड़े तो चालान पर राजी हुए। व्यापारी ने हाथ जोड़कर दो हजार के चालान पर असमर्थता जताई तो ईओ ने भी हाथ जोड़कर काम को जरूरी बताया।
डीसी ऑफिस की हूं, ऐसे कैसे तोड़ दोगे कब्जा
पंजाबी मार्केट के अंदर जैसे-जैसे नगर परिषद की टीम बढ़ी वैसे-वैसे नगर परिषद की कार्रवाई का विरोध भी बढ़ता गया। काका हैंडलूम में सड़क पर आधे के करीब कब्जा देखा तो ईओ बोले कि इतना समय दिया था लेकिन कब्जा नहीं हटाया। चालान काटे फिर कब्जा हटेगा। इस पर हैंडलूम की महिला बोली कि डीसी ऑफिस की हूं, ऐसे कैसे तोड़ दोगे कब्जा। इसी गली में गांधी शोरूम व एक अन्य शोरूम पर भी हंगामा हुआ।
कराई वीडियोग्राफी, बुलानी पड़ी पुलिस मदद
नगर परिषद के अभियान के दौरान लगातार विरोध को बढ़ता देख टीम ने फोन कर पुलिस फोर्स को मदद के लिए बुला लिया। इसके साथ ही हंगामा करने वाले व्यापारियों की वीडियोग्राफी भी कराई। गोकल गेट पुलिस चौकी से फोर्स आने के बाद टीम ने आगे की कार्रवाई जारी की। अब हंगामा करने वाले व्यापारियों के खिलाफ नगर परिषद सरकारी कामकाज में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कराने समेत अन्य कार्रवाई में जुट गया है।
कब्जा करने वाले किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे। हंगामा करने वाले लोगों के खिलाफ स्थानीय थाने में पर्चा दिया जाएगा। वहीं पक्के कब्जे भी जल्द ही तोड़े जाएंगे। - मनोज यादव ईओ, नगर परिषद