खरखड़ा बस स्टैंड पर कांवड़ सेवा शिविर करते गणमान्य। स्रोत : संस्था
धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गांव खरखड़ा बस स्टैंड पर सोमवार को कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ हुआ। भगवान शिव के जयघोष के बीच शिविर का उद्घाटन किया गया।
शिव खावड़ समिति ने बताया कि सावन माह में हरिद्वार से जल लाने वाले हजारों कांवड़िए दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरते हैं। उनकी सुविधा और यात्रा में परेशानी से बचने के उद्देश्य से यह शिविर लगाया गया है। शिविर में कांवड़ियों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल, चाय, नाश्ता, स्वास्थ्य जांच और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था है। विश्राम के लिए बिस्तर, स्नान और स्वच्छ शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। समिति के स्वयंसेवक दिन-रात सेवा कार्य में जुटे रहेंगे। पदाधिकारियों ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस अवसर पर ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।