रेवाड़ी। मॉडल नाउन थाना क्षेत्र के गांव जाटूवास में रंजिश में शनिवार रात को एक युवक ने अपनी ताई की डंडे पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग गया। रविवार सुबह घटना के बारे में जानकारी मिली। घटना के वक्त मृतका अपने प्लॉट में अकेली थी। हत्या की वारदात एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गांव जाटूवास निवासी चंद्रो देवी (70) रोजाना की तरह शनिवार रात को भी प्लाॅट में सो रही थीं। रविवार की सुबह परिवार के लोग प्लाॅट में पहुंचे तो चंद्रो देवी का शव बाहर रास्ते में लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। बुजुर्ग महिला को डंडे से बुरी तरह पीटा गया था। पूरे शरीर पर चोट के गहरे निशान थे। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने नजदीक लगे एक सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो रात के समय चंद्रो देवी का भतीजा प्रदीप डंडे से हमला करते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने आरोपी की तलाश की तो वह अपने घर से रात से ही लापता मिला। पुलिस ने मौके से सबूत व सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
परिजनों ने बताया कि आराेपी प्रदीप शराब पीने का आदी है। वह पहले भी कई बार चंद्रो देवी व उनके बेटों के साथ झगड़ा कर चुका है। शनिवार की रात आरोपी के प्लाॅट में पहुंचने के कारण चंद्रो देवी बाहर आ गई और प्रदीप ने रास्ते में डंडे से हमला कर दिया। माडल टाउन थाना पुलिस ने मृतका के बेटे सूरजमल की शिकायत पर प्रदीप के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वर्जन
शिकायत के बाद आरोपी युवक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए जुट गई है। हर संभावित जगह उसकी तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव काे परिजनों को सौंप दिया गया है।
-संजय कुमार, थाना प्रभारी मॉडल टाउन