रेवाड़ी। अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मॉडल टाउन पुलिस ने गांव ढालियावास में एक दुकान पर छापा डालकर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने दुकान संचालक सरस्वती विहार निवासी हेमंत कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास पटाखों के भंडारण और बिक्री का कोई लाइसेंस नहीं मिला।
एसपी कार्यालय की विज्ञप्ति के अनुसार पांच नवंबर को मॉडल टाउन थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि हेमंत कुमार ने ढालियावास स्थित अपनी दुकान में बिक्री के लिए बिना लाइसेंस के बड़ी मात्रा में पटाखे रखे है। इसके बाद पुलिस टीम ने दुकान पर छापा मारा। जांच के दौरान दुकान में कट्टों और गत्ते की पेटियों में पटाखे व फुलझड़ियां रखी मिलीं।
पुलिस ने मौके से फौजी बम के 42 पैकेट, अनार के 25, लेपर्ड किंग के 54, फुलझड़ी के 245, स्काई शॉट के सात, मुर्गा छाप के आठ, सात स्काई शॉट के पांच, फ्लाइंग हार्ट के पांच, ग्राउंड चकरी के 15, पेंटा स्काई फ्लैश के 14, व्हाइट रोज के 11, कोर्नेशन नाजी के 10, 15 स्टार का एक और सिल्वर रेन टॉर्च के 20 पैकेट बरामद किए।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण और बिक्री न करें। ऐसी गतिविधियों की सूचना डायल 112 या नजदीकी थाने में दें।