रेवाड़ी पहुंचे आईआईएम रोहतक के विद्यार्थी। स्रोत : प्रशासन
रेवाड़ी। भारतीय प्रबंधन संस्थान रोहतक के ग्रामीण सहभागिता कार्यक्रम के प्रथम दिन सोमवार को विद्यार्थियों ने रेवाड़ी स्थित राजकीय महाविद्यालय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने दोनों संस्थानों की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की आकांक्षाओं, कौशल विकास एवं शिक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझने के लिए शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने डीसी अभिषेक मीणा से भी भेंट की।
इस अवसर पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी तथा समन्वय अधिकारी शुभम बेनीवाल और भारतीय प्रबंधन संस्थान रोहतक के समन्वयक सौरभ यादव ने महाविद्यालय एवं विद्यालय के प्राचार्य तथा अन्य प्राध्यापकों और शिक्षकों से मुलाकात की। संस्थानों की शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की आवश्यकताओं तथा स्थानीय स्तर पर शिक्षा एवं कौशल विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। भारतीय प्रबंधन संस्थान रोहतक के विद्यार्थियों ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद करते हुए क्षेत्रीय अध्ययन के लिए आवश्यक जानकारी एकत्रित की। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास, रोजगार के अवसर, उच्च शिक्षा और करियर संबंधी आकांक्षाओं को समझने का अवसर मिला।
ग्रामीण सहभागिता कार्यक्रम के तहत 25 सितंबर तक भारतीय प्रबंधन संस्थान रोहतक के विद्यार्थी रेवाड़ी के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों तथा सरकारी विभागों का भ्रमण कर स्थानीय परिस्थितियों एवं संस्थागत व्यवस्थाओं का अध्ययन करेंगे।