रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय ने अक्तूबर में होने वाली अंतर कॉलेज खेल प्रतियोगिताओं एवं चयन ट्रायल की सारणी जारी कर दी है। इनमें खो-खो, क्रिकेट, शूटिंग तथा वेट लिफ्टिंग, पावर लिफ्टिंग और बेस्ट फिजीक की पुरुष एवं महिला वर्ग की प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. अशोक कुमार यादव ने बताया कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें अंतर विश्वविद्यालय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाएगा।
जारी कार्यक्रम के अनुसार खो-खो की पुरुष एवं महिला वर्ग की प्रतियोगिता 7 और 8 अक्तूबर को राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा में सुबह 10 बजे से होगी। क्रिकेट प्रतियोगिता 12 से 16 अक्तूबर तक केएलपी कॉलेज रेवाड़ी में आयोजित की जाएगी।
शूटिंग प्रतियोगिता 21 अक्तूबर को कैनरी शूटिंग रेंज रेवाड़ी में होगी। वहीं वेट लिफ्टिंग, पावर लिफ्टिंग और बेस्ट फिजीक की पुरुष एवं महिला वर्ग की प्रतियोगिताएं 23 अक्तूबर को राजकीय महाविद्यालय अटेली में आयोजित की जाएंगी। सभी प्रतियोगिताएं सुबह 10 बजे से शुरू होंगी।
कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। उन्होंने महाविद्यालयों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने का आह्वान किया। कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने भी विद्यार्थियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
सहायक खेल निदेशक देवेंद्र ढाका ने बताया कि प्रतिभागियों के लिए पहचान पत्र और पात्रता प्रपत्र साथ लाना अनिवार्य है। प्रत्येक टीम के साथ कॉलेज प्रबंधक या इंचार्ज का होना भी जरूरी रहेगा। चयन परीक्षण के लिए प्रति प्रतिभागी 300 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।