फोटो: 14रेवाड़ी। पूर्व जिला प्रमुख सतीश यादव ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को संबोधित करते हुए।
रेवाड़ी। मांगों को लेकर ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को कोसली के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के आवास के बाहर नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। शहर में कोसली के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के बेटे एडवोकेट निशांत यादव व पूर्व जिला प्रमुख व भाजपा नेता सतीश यादव को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 9 अगस्त तक मांगों का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा ने संयुक्त बैनर पर 10 अगस्त को करनाल लघु सचिवालय के सामने 24 घंटे का राज्यव्यापी धरना और 11 अगस्त को सीएम आवास पर हल्ला बोल प्रदर्शन किया जाएगा। आज के प्रदर्शन की अध्यक्षता राज्य सचिव राजकुमार ने की तथा संचालन नवल किशोर ने किया।
राज्य सचिव राजकुमार, जिला उपप्रधान रामकुमार व जिला सचिव रामचंद्र ने कहा कि 2 जुलाई को मुख्यमंत्री द्वारा ग्रामीण सफाई कर्मियों के लिए की गई 1000 रुपये मानदेय देने की मामूली सी बढ़ोतरी नाकाफी है और ये सफाई कर्मियों के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार सफाई कर्मियों के साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार कर रही है। ग्रामीण सफाई कर्मचारी पिछले 17 साल से कच्ची नौकरी की मार और शोषण झेल रहे हैं। सफाई कर्मियों को इस विधान सभा चुनाव से पहले पक्का होने की उम्मीद थी। लेकिन सरकार ने सफाई कर्मियों को पक्का करने की बजाय मानदेय में मामूली सी बढ़ोतरी करके जले पर नमक छिड़कने का काम किया है।
वहीं, सरकार ने सफाई कर्मचारी पोर्टल बनाने की घोषणा करके अपनी मंशा साफ कर दी है कि ये सफाई कर्मचारी आगे भी पक्के नहीं होंगें और जीवनभर कच्ची नौकरी की मार झेलते रहेंगें। सफाई कर्मचारी नेताओं ने कहा कि 9 अगस्त तक मांगों का समाधान नहीं हुआ तो हरियाणा के 11 हजार ग्रामीण सफाई कर्मचारी चुप नहीं बैठेंगे और संयुक्त बैनर पर 22 जिलों के ग्रामीण सफाई कर्मी 11 अगस्त को अपनी मांगों को लेकर सीएम सिटी करनाल में हल्ला बोल प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे।