रेवाड़ी। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने बकाया बिलों की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया है। निगम की टीमें फील्ड में जाकर बकायादारों के बिजली कनेक्शन काट रही हैं। पिछले एक माह में 400 से अधिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा चुके हैं। ऐसे में दिवाली से पहले बकाया बिजली बिल जमा नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के घरों की रोशनी गुल हो सकती है। बार-बार नोटिस और चेतावनी के बावजूद बिल जमा नहीं कराने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। जिले में करीब 70 हजार उपभोक्ताओं पर 100 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है। इनमें लगभग 55 हजार उपभोक्ताओं के कनेक्शन चालू हैं, जबकि करीब 16 हजार के कनेक्शन पहले ही काटे जा चुके हैं। कई उपभोक्ताओं पर 50 हजार से एक लाख रुपये तक का बिल बकाया है।
निगम ने उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा कराने की अपील की है। बिल में किसी तरह की गड़बड़ी होने पर बिजली कार्यालय में शिकायत देकर समाधान कराया जा सकता है। अधीक्षण अभियंता विजयपाल यादव ने बताया कि दिवाली तक अभियान तेज किया जाएगा। बकाया जमा नहीं कराने वालों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई जारी रहेगी।