रेवाड़ी। भारतीय किसान यूनियन चढूनी की नई अनाज मंडी स्थित किसान भवन में रोशन लाल दरोगा की अध्यक्षता में हुई मासिक बैठक में बाजरा खरीद, भावांतर योजना, फसल बीमा और क्षतिपूर्ति पोर्टल से जुड़ी समस्याओं को लेकर सरकार के प्रति नाराजगी जताई गई। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि किसानों की समस्याएं नहीं सुलझने पर भाकियू दफ्तरों पर ताला लगाएगी।
जिला प्रधान समय सिंह ने कहा कि निजी व्यापारी एक महीने से बाजरे की खरीद कर रहे हैं, लेकिन एमएसपी पर एक दाना भी नहीं खरीदा गया। सरकार ने निजी खरीद पर 600 रुपये प्रति क्विंटल भावांतर देने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक राशि नहीं मिली है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023-24 की राशि भी किसानों के खातों में नहीं पहुंची है। वहीं, वर्ष 2024, 2025 और 2026 की फसल बीमा योजना के तहत भी किसानों को भुगतान नहीं हुआ है।
उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों और बीमा कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और बीमा कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की। रेवाड़ी के सात गांवों में खुले क्षतिपूर्ति पोर्टल के तहत भी किसानों को अभी तक राशि नहीं मिलने पर नाराजगी जताई गई।
समय सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो डीसी कार्यालय या कृषि अधिकारी के कार्यालय के गेट पर ताला लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र के पिपली में भाकियू चढूनी की राष्ट्रीय महापंचायत होगी, जिसमें रेवाड़ी से सैकड़ों पदाधिकारी और महिला टीम शामिल होंगे।
बैठक में मुन्नी बूढ़पुर, कमल किशनगढ़, श्याम सुंदर थानेदार, कृष्ण सैनी, मनीषा यादव, सपना, रीना, सविता दहिया, नीलम, पूनम सहित कई सदस्यों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर कुलदीप कारणवास, ओपी लुहाना, सतबीर लुहाना, करतार सिंह, राम जस साहब, वेद सुल्तानिया और सुरेश रामगढ़ मौजूद रहे।