बुधवार की सुबह धूप निकलने के बाद भाड़ावास गेट के पास एक छत पर भरे पानी में अठखेलियां लगाते कबूत
रेवाड़ी। जिले में मंगलवार की शाम आई आंधी और तेज बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली थी लेकिन दूसरे दिन बुधवार को तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बुधवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 44.5 और न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिन में तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल दिखाई दी। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।
उमस भरी गर्मी से राहगीरों, दिहाड़ी मजदूरों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गर्मी से बचने के लिए लोगों ने शीतल पेय पदार्थ, और कूलर-पंखों का सहारा लिया।
लोग पेड़ों की छांव में बैठकर राहत की सांस ली। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और शरीर में पानी की कमी नहीं होने देने की सलाह दी है।
अगले तीन दिनों तक मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में अधिक बदलाव की उम्मीद नहीं है। हालांकि इसके बाद मौसम में परिवर्तन हो सकता है। विभाग ने संभावना जताई है कि आगामी दिनों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने तथा कहीं-कहीं हल्की बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। फिलहाल जिले में गर्मी का प्रकोप जारी रहने के आसार हैं।