रेवाड़ी। दो बार स्थगित हो चुकी पीजीटी लेवल-3 परीक्षा को नकल रहित बनाने के तमाम दावों के बावजूद परीक्षा केंद्रों के बाहर खुली फोटो स्टेट की दुकानों ने प्रशासन की धारा -144 को हवा में उड़ा दिया। गुड़गांव, अलवर एवं महेंद्रगढ़ सहित रेवाड़ी के 7827 भावी गुरुजनों को पेपर देना था लेकिन पेपर रद्द होने की आशंका के चलते शनिवार को 1743 ने पेपर नहीं दिया। शहर के अहीर एवं केएलपी कॉलेज के बाहर लाइनों में खुली दुुकानों प्रशासन का मुंह चिढ़ाती नजर आ रही थी। इधर शिक्षा विभाग की ओर से जिले में बनाए गए एक मात्र सीबीट केंद्र पर भी सिस्टम हेंग होने के कारण भावी गुरुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां पर भी 167 में से 142 परीक्षार्थी ही पेपर देने पहुंचे। यहां पर विभाग को पंद्रह मिनट का अतिरिक्त समय परीक्षार्थी को देना पड़ा। गौरतलब है कि नवंबर में भी परीक्षा के दौरान केबल जलने के कारण डेढ़ घंटे विलंब से पेपर शुरू हो पाया था। भारी गर्मी के बीच पेपर देने पहुंचे भावी अध्यापकों के परिजन बाहर पसीना बहाते नजर आए। शहर में परीक्षा के कारण नाईवाली चौक, धारूहेड़ा चुंगी एवं बस स्टैंड पर वाहन रैंगते नजर आए। डीईओ धर्मबीर बल्डोदिया ने कहा कि परीक्षा पूरी तरह से शांति पूर्ण रही।