सीसीटीवी में कैद हुई चोर की तस्वीर।
- फोटो : Rewari
झज्जर रोड स्थित बिजली बोर्ड के समीप टीचर दंपति के घर में सोमवार को दिन दहाड़े चोरों ने धावा बोल दिया। चोर घर का ताला तोड़कर 50 हजार रुपए की नकदी व आभूषण चोरी कर ले गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। चोरी की यह वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पुलिस के अनुसार मूलरूप से नया टहना निवासी विजय कुमार ने झज्जर रोड पर फ्लाओवर से नीचे उतरते ही पावर हाउस के पास घर बनाया हुआ है। विजय कुमार दिल्ली में सरकारी अध्यापक है, जबकि उनकी पत्नी जिले के गांव खंडोडा स्थित सरकारी स्कूल में अध्यापक है। सोमवार सुबह दोनों घर का ताला लगाकर ड्यूटी पर गए थे। लॉक की चाबी उन्होंने पड़ोस में रहने वाली एक महिला को दी थी। विजय के अनुसार 10 बजे वाटर सप्लाई की नल आई थी। पड़ोस की महिला ने टंकी में पानी भरने के बाद फिर से मकान को ताला लगा दिया। इसी दौरान एक युवक पहले से रैकी कर रहा था। लॉक लगाने के कुछ मिनट बाद ही उसने बाहर से ताला तोड़ दिया। उसके बाद उसने अंदर कमरे का ताला तोड़ा और फिर कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ते हुए 50 हजार रुपये की नकदी व सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। शाम को जब वह घर आया तो ताला टूटा हुआ था। ताला टूटा हुआ देख पुलिस को सूचित किया। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई तो एक चोर घर में चोरी करते हुए दिख रहा है। सदर पुलिस को सीसीटीवी कैमरे के फुटेज सौंप दिए है। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।