सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बावल
- फोटो : Rewari
बावल स्थित के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले दो माह से रेबिज के इंजेक्शन नहीं है, जिससे मरीजों को मजबूरन बाहरी दुकानों से महंगे भाव में उपचार कराना पड़ रहा है। कस्बा की अस्पताल में रोजाना औसतन दो मरीज रेबिज का टीका लगवाने के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन अस्पताल में इंजेक्शन नहीं होने से परेशानी उठानी पड़ रही है।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान की सीमा से सटे बावल कस्बा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्षेत्र के अलावा समीपवर्ती अलवर जिले व औद्योगिक क्षेत्र में कार्य करने वाले लोग अपना इलाज कराने आते हैं। यहां दिनभर मरीजों की भीड़ रहती है, लेकिन दवाइयों के अलावा स्टाफ का भी अभाव लंबे समय से बना हुआ है। अस्पताल में सबसे बड़ी समस्या रेबिज के टीके की है।
प्राइवेट मेडिकल स्टोर से एक हजार रुपये में मिल रहा इंजेक्शन
मरीजों को मजबूरन बाहरी मेडिकल स्टोर सेे रेबिज के इंजेक्शन खरीदने पड़ रहे है। बाहरी दुकानों पर ये इंजेक्शन 700 से एक हजार रुपये में खरीदने पड़ रहे हैं। हालांकि लोगों ने विभाग के उच्च अधिकारियों को भ्ज्ञी इस बारे में शिकायत की है, लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।
वेयर हाउस में ही नहीं रेबिज का इंजेक्शन : एसएमओ
एसएमओ डॉ. इंद्रजीत ने बताया कि रेबिज के इंजेक्शन तो गुरुग्राम वेयर हाउस ही नहीं हैं। इंजेक्शन नहीं होने के कारण मरीजों को उपचार नहीं दिया जा रहा है। हालांकि चिकित्सकों की ओर से मरीजों को संतुष्ट करने का प्रयास किया जाता है।