वेतन सहित विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर गए जिलेभर के लैब टेक्नीशियन मंगलवार दोपहर बाद काम पर लौट आए। इससे पूर्व सोमवार की तरह मंगलवार को भी ट्रेनियों ने जांच का जिम्मा संभाला। जिसके चलते परेशानी तो हुई, लेकिन रुका नहीं। हड़ताल समाप्त होने के बाद सभी इमरजेंसी सेवाओं के कर्मचारी काम पर वापस लौट आए।
सोमवार से शुरू हुई लैब टेक्नीशियनों की हड़ताल ग्रामीण क्षेत्रों में पूरी तरह सफल रही। वहीं नागरिक अस्पताल में इसका मिलाजुला असर देखने को मिला। मंगलवार को नागरिक अस्पताल में करीब तीन सौ ब्लड जांच की गई। इधर वरिष्ठ लैब टेक्नीशियनों का यह भी कहना है कि ट्रेनियों द्वारा की गई जांच की गुणवत्ता को सही नहीं माना जा सकता है। इस लिए बीते दो दिन में हुई सभी जांच संदेह के घेरे में आ गई है।
मांगे माने जाने पर दिखी खुशी
लैब टेक्नीशियन यूनियन के जिला महासचिव आनंद खोश्या ने बताया कि हरियाणा लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन एवं नव नियुक्त हेल्थ एसीएस राजन गुप्ता के बीच में बैठक हुई। जिसमें सरकार की ओर से लैब टेक्नीशियनों की मांगें मानने की जानकारी दी गई। करीब दो बजे यूनियन पदाधिकारियों ने प्रेस में आकर सभी मांग मांगे लेने की बात कही। जैसे ही यह खबर जिला स्तर पर मिली तो यूनियन पदाधिकारियों ने एक दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी का इजहार किया। दो बजे छुट्टी का दिन होने के चलते आपात ड्यूटी वाले कर्मचारी काम पर लौट आए।
पांच सौ से ज्यादा सर्जरी की रिपोर्ट पर संशय
नागरिक अस्पताल के साथ जिले की सभी सीएचसी के स्थाई एलटी कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने के चलते सोमवार-मंगलवार को लैब में होने वाले सभी टेस्टों का जिम्मा अनुबंध आधार एवं ट्रेनी कर्मचारियों पर था। ऐसे में इन लोगों द्वारा जांच रिपोर्ट की सत्यता पर प्रश्न चिन्ह लगना स्वभाविक है। स्थाई एलटी ने बताया कि बिना वरिष्ठ एलटी के जांच रिपोर्ट देना गलत है।
--------------------------
वर्जन- कई सालों से अस्पताल में लगे लैब टेक्नीशियनों से सभी जांचें करवाई जा रही हैं। मरीजों को कोई दिक्कत न आए इसके लिए पुख्ता प्रबंध किए गए थे। लैब टेक्नीशियनों द्वारा हड़ताल वापस लेने के बाद बुधवार से स्थिति सुचारु रूप से शुरू हो जाएगी।
-डॉ सुदर्शन पंवार, एसएमओ, नागरिक अस्पताल रेवाड़ी
----------------
सरकार की ओर से उनकी सभी मांगे मान ली गई हैं। इसके बाद रेवाड़ी सहित प्रदेश के सभी लैब टेक्नीशियन काम पर वापस लौट आए हैं। दो दिन की हड़ताल के दौरान ट्रेनियों द्वारा किए गए जांच की गुणवत्ता को पूरी तरह सही नहीं ठहराया जा सकता है।
-आनंद खोश्या, जिला महासचिव, लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन, रेवाड़ी।