पुलिस लाइन में ड्यूटी कर वापस अपने कमरे पर लौट रहे एक होमगार्ड पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपी महिला को शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार की गई आरोपी की पहचान गांव बुड़ौली निवासी पूनम के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गांव बुडौली निवासी नीरज रेवाड़ी में होमगार्ड है तथा उनकी ड्यूटी पुलिस लाइन में लगी हुई थी। वर्तमान में नीरज ने झाबर की ढाणी में कमरा किराए पर लिया हुआ है। 20 जून की रात को वह ड्यूटी खत्म कर पुलिस लाइन से वापस अपने कमरे पर लौट रहा था। दिल्ली रोड पर गांव बुडौली निवासी संदीप व उसकी पत्नी पूनम ने नीरज को रोक लिया तथा मारपीट शुरू कर दी थी और नीरज पर चाकू व फरसे से हमला कर दिया था। शहर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने मंगलवार की शाम को आरोपी पूनम को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आरोपी संदीप को पहले ही पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी को कोविड-19 टेस्ट करवाकर आइसोलेसन सेंटर धामलावास में रखा गया है।