संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। वालीबॉल एसोसिएशन की ओर से गांव करावरा मानकपुर स्थित दी हेरिटेज ग्लैक्सी इंटरनेशनल स्कूल में इंटर स्कूल वालीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जिले के 30 स्कूलों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर दमखम दिखाया। हिंदू हाई पब्लिक स्कूल की टीम ने वालीबॉल प्रतियोगिता जीत ली।
रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता चाहे किसी भी स्तर की हो, एक खिलाड़ी को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन करने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। आज खेलों में भी युवा अपना भविष्य संवार रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि नई दिशा युवा मंच के संयोजक एडवोकेट निशांत यादव, वालीबॉल कोच युधिष्ठिर, करावरा के सरपंच सतीश, नरेश पंच, आरपीएस स्कूल के प्राचार्य विक्रण, पूर्व सरपंच बिजेंद्र सिंह व समाजसेवी जयराज ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किया। स्कूल के निदेशक कमल यादव ने बताया कि उनके स्कूल में शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया जाता है। स्कूल की प्राचार्या रश्मि यादव ने सभी अतिथियों का आभार जताया। इस मौके पर कार्तिक तंवर, दक्ष, निशांत यादव, सुधीर कुमार समेत सभी स्टॉफ सदस्य, कोच एवं भारी संख्या में खिलाड़ी व खेलप्रेमी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में हिंदू हाई पब्लिक स्कूल रेवाड़ी की टीम प्रथम, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल नेहरूगढ़ की टीम ने द्वितीय और विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुंड की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही टीमों को क्रमश: 11 हजार, 7100 व 5100 रुपये की राशि इनाम दी गई। विजेताओं के अलावा विभिन्न कैटेगरी में पांच खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इसमें आयुष को बेस्ट प्लेयर, कार्तिक को बेस्ट ब्लॉकर, वीर को बेस्ट लिब्रो, मंदीप को बेस्ट सैटर के खिताब से नवाजा गया।