डहीना। गांव सीहा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के हिमालय सदन और मतदाता जागरूकता प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मतदाता जागरूकता रैली, पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से अधिक से अधिक मतदान का संकल्प लिया गया।
सीहा स्कूल के मतदान केंद्र के नोडल अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि विद्यालय में इस बार मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मतदाता जागरूकता रैली में चारों सदन के विद्यार्थियों ने भाग लिया। पेंटिंग प्रतियोगिता में हिमालय और अरावली सदन विजेता व उप विजेता रहे। भाषण प्रतियोगिता में शिवालिक और नीलगिरि सदन ने बाजी मारी। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्राचार्य सत्यवीर नाहड़िया की ओर से लिखित मतदाता जागरूकता गीत गाकर सुनाया। सरपंच प्रतिनिधि दीपक यादव ने कहा कि आज सभी मतदाता अपने मत का प्रयोग करके लोकतंत्र को मजबूत करेंगे। युवा चेतना संगठन से जुड़े अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मतदाता जागरूकता रैली में भाग लेकर ज्यादा से ज्यादा मतदान का संकल्प लिया। आयोजन समिति की ओर से वरिष्ठ प्राध्यापिका अलका ने सभी का आभार ज्ञापित किया।