मौके से मिले सिलिंडर। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने एलपीजी से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिलास्तर पर हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। अब गैस की कालाबाजारी, अवैध रीफिलिंग या अन्य अनियमितताओं की शिकायत सीधे विभाग तक पहुंचाई जा सकेगी।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय की ओर से हेल्पलाइन नंबर 01274-225214 जारी किया गया है। इस नंबर पर आम नागरिक कार्य दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए रेवाड़ी को प्रतिदिन 200 वाणिज्यिक (कॉमर्शियल) एलपीजी सिलिंडरों का कोटा आवंटित किया गया है।
इन सिलेंडरों का वितरण तय प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा ताकि जरूरतमंदों को समय पर गैस उपलब्ध हो सके। विभाग के अनुसार प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान संबंधित अधिकारियों के माध्यम से सुनिश्चित किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे कालाबाजारी और अवैध रीफिलिंग पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
इन श्रेणियों को दी जाएगी प्राथमिकता
विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि कॉमर्शियल सिलिंडर का आवंटन अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों (छात्रावास सहित) और विवाह समारोहों, विशेषकर बेटियों के विवाह के मामलों में प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इन श्रेणियों में आने वाले इच्छुक संस्थान या व्यक्ति निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद उपलब्धता और प्राथमिकता के अनुसार सिलेंडर आवंटित किए जाएंगे।
-
अनावश्यक भीड़ से बचने की अपील
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक नीतिश सिंघला ने आम जनता से अपील की है कि वे बिना आवश्यकता गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, अवैध रीफिलिंग या अनियमितता की सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। विभाग का कहना है कि शिकायत मिलने पर तुरंत जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।