शहर के चर्चित दीवान टेकचंद क्लब के मामले में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में होने वाली सुनवाई 24 मई की बजाय अब 10 सितंबर को होगी। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई का रोस्टर जारी करते हुए अब इस मामले की आगामी सुनवाई की 10 सितंबर निर्धारित की गई है। यहां यह बता देना जरूरी है कि इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए पंचनंद समिति के अध्यक्ष केशव चौधरी ने जिला प्रशासन से मांग की थी कि इस मामले की शीघ्र सुनवाई की जाए क्योंकि कुछ निजी व्यक्तियों ने इस जमीन पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। शहर के सरकुलर रोड स्थित दीवान टेकचंद क्लब का मामला शुरू से ही विवादों से घिरा रहा है। इस मामले में संज्ञान लेने की पहल करते हुए पंचनंद सेवा समिति के अध्यक्ष केशव चौधरी ने आरोप लगाया था कि कुछ निजी लोग व्यक्तिगत स्वार्थ के कारण सरकारी जमीन का दुरुपयोग कर कब्जा करना चाह रहे हैं, जबकि इस जमीन का मालिकाना हक सरकार के पास है। इस संदर्भ में शिकायतकर्ता की ओर से जिला प्रशासन को शिकायत कर नगर परिषद के कूड़ा घर एवं सरकारी लाइटों का नुकसान पहुंचाने के लिए शिकायत के साथ ही कार्रवाई करने की मांग की गई थी। जिला प्रशासन की ओर से इस मामले की सुनवाई पंजाब हरियाणा उच्च न्यायालय में की जा रही है, जिसमें सुनवाई 24 मई मुकर्रर थी जो अब बढ़ाकर 10 सितंबर कर दी गई है।