संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बुधवार को रेवाड़ी स्थित अपने कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सबसे अधिक लोगों ने पेयजल संकट, बिजली कटौती की समस्या बताई। साथ ही नालियों की सफाई कराने की मांग की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि वे ठोस कदम उठाते हुए नागररों की समस्याओं को दूर करें ताकि लोगों को राहत मिल सके। इस पर तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों ने मौके पर ही कई समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी।
कोरियावास ग्राम पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल भी स्वास्थ्य मंत्री से मिला और कोरियावास में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का नाम स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम के नाम पर रखने की मांग की और इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि राव तुलाराम का इस क्षेत्र के इतिहास में अहम योगदान रहा है और कॉलेज का नाम उनके नाम पर रखा जाना उनके बलिदान को उचित सम्मान देना होगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांग को राज्य सरकार के समक्ष रखा जाएगा और इस विषय पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की भावनाओं का पूरा सम्मान करती है और विकास कार्यों में ऐतिहासिक योगदान देने वाले महापुरुषों को याद रखना आवश्यक है।
इस जनसुनवाई कार्यक्रम में कोसली विधायक अनिल यादव, जिला प्रशासन के अधिकारी, स्थानीय भाजपा नेता, विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे।