इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन के आह्वान पर पीएनडीटी एक्ट में बदलाव की मांग को लेकर रेडियोलाजी एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नागरिक अस्पताल प्रशासन की तरफ से वैकल्पिक व्यवस्था नहीं करने से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले के करीब 53 रेडियोलॉजिस्ट एवं सोनोलॉजिस्ट प्रतिदिन करीब 2120 अल्ट्रासाउंड करते हैं। वीरवार से हड़ताल पर जाने के कारण लोगों के हाल बेहाल थे।
नागरिक अस्पताल की नहीं दिखी कोई तैयारी
आईआरआईए रेवाड़ी एसोसिएशन की तरफ से एक सप्ताह पहले से ही हड़ताल की चेतावनी देने के बावजूद नागरिक अस्पताल में कोई अतिरिक्त तैयारी नहीं दिखाई दी। उल्टे नागरिक अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा लिखे अल्ट्रासाउंड अस्पताल में नहीं होने के कारण लोगों को निजी सेंटरों की परेशान होना पड़ रहा था। नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन की तरह ही मरीजों को बीस से पचीस दिन बाद की तारीख दी जा रही थी। नागरिक अस्पताल में रोजमर्रा की भांति 30-35 अल्ट्रासाउंड ही हो सके।
----------
गर्भवती महिलाएं हुई परेशान
नागरिक अस्पताल के साथ अन्य गर्भवती महिलाओं के लिए रेडियोलॉजिस्ट की हड़ताल बड़ी परेशानी का कारण बन गई। बुधवार को शुरू हुई हड़ताल के कारण जिले के गांव कसोली, बगथला और बावल सहित अन्य जगहों से आने वाली गर्भवती महिलाएं नागरिक अस्पताल और निजी रेडियोलाजी सेंटरों के बीच चक्कर काटती रही। इमरजेंसी के बावजूद महिलाओं को घर लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा।
यह हैं प्रमुख मांगे
आईआरआईए की तरफ से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग फार्म एफ में लिपिक त्रुटियों, पीसी और पीएनडीटी एक्ट पर नोटिस बोर्ड ना होने, किताब न रखने, एप्रन न पहनने को लिंग निर्धारण और आपराधिक आरोप के समकक्ष ना माने जाने, सजा को अपराध की गंभीरता के अनुसार वर्गीकृत करने, देशभर में पीसी और पीएनडीटी अधिनियम का समान कार्यान्वयन का मानकीकरण करने, अल्ट्रासाउंड मशीन को सील नहीं किए जाने, रेडियोलॉजिस्ट की चिकित्सा पंजीकरण को मामूली लिपिकीय त्रुटियों पर निलंबित और रद्द नहीं किया जाना सहित अन्य मांगो को मानने की मांग की गई है।
-------------
कोट
आईआरआईए के आह्वान पर जिले के सभी रेडियोलाजी सेवाएं बंद कर दी गई हैं। सभी सेवाएं एसोसिएशन के आदेशों तक अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेंगी। हड़ताल पीएनडीटी एक्ट की आड़ में रेडियोलॉजिस्ट को परेशान करने के विरोध में की जा रही है। - डॉ. दीपक यादव, जिला कोआर्डिनेटर आईआरआईए, रेवाड़ी।
-----------
अल्ट्रासाउंड के अभाव में उपचार करने में कोई दिक्कत नहीं आती है। आपात स्थिति में अल्ट्रासाउंड करने के लिए नागरिक अस्पताल की तरफ से पूरी तैयारी की गई है।
-डॉ. पुष्पा बिश्नोई, सीएमओ रेवाड़ी।
----------------
रेडियोलॉजिस्ट की हड़ताल को आईएमए रेवाड़ी पूरा समर्थन करती है। इनकी मांगें नहीं मानी गई तो आईएमए भी हड़ताल में शामिल होगी। इसके लिए तीन सितंबर को आईएमए की जनरल बॉडी की मीटिंग बुलाई गई है। - डॉ. शिवरतन यादव, प्रेसीडेंट आईएमए रेवाड़ी
----------
ये लोग रहे परेशान
श्योराज माजरा गांव निवासी मोनू यादव का कहना है कि ताऊ का अल्ट्रासाउंड कराने के लिए रेवाड़ी आया था, लेकिन यहां पर सभी सेंटर बंद होने के कारण घर वापस जाना पड़ रहा है। सेक्टर-4 निवासी ओमबीर यादव का कहना है कि पत्नी का अल्ट्रासाउंड कराना था। निजी अस्पताल में बीस दिन बाद की तारीख दी। निजी सेंटर पर गया तो वहां पर भी ताला लगा होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा है। गोपाल देव चौक निवासी राहुल शर्मा का कहना है कि अपनी भाभी को रेवाड़ी अल्ट्रासाउंड के लिए लेकर आया था। नागरिक अस्पताल गया तो यहां पर बीस दिन से ज्यादा की तारीख दी। निजी सेंटर भी बंद रहने से परेशानी का सामना करना पड़ा। जड़थल निवासी भीष्म भारद्वाज का कहना है कि चाचा कई दिन से बीमार थे, डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड के लिए एडवाइज किया था। रेवाड़ी आया तो सभी अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद मिले। नागरिक अस्पताल में भी कोई सुनवाई नहीं हुई।