धारूहेड़ा में फॉगिंग अभियान चलाते स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी। स्रोत: विभाग
रेवाड़ी। जिले में बारिश का मौसम शुरू होने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू की रोकथाम के लिए धारूहेड़ा क्षेत्र में फॉगिंग शुरू करा दी है। विभाग की टीमें विभिन्न कॉलोनियों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित रूप से फॉगिंग कर रही हैं, ताकि मच्छरों की संख्या पर नियंत्रण किया जा सके और डेंगू के प्रसार को रोका जा सके।
डेंगू एवं मलेरिया नोडल अधिकारी डॉ. जोगेंद्र तंवर ने बताया कि बारिश के मौसम में जगह-जगह पानी जमा होने से एडीज मच्छर के पनपने की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए फॉगिंग के साथ-साथ लार्वा सर्वे और लोगों को जागरूक करने का अभियान भी चलाया जा रहा है। टीमों द्वारा घरों और आसपास जमा पानी की जांच कर लार्वा मिलने पर उसे तुरंत नष्ट किया जा रहा है।
नोडल अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि घरों की छतों, कूलर, गमलों, पुराने टायरों और अन्य बर्तनों में पानी जमा न होने दें। यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द या अन्य डेंगू जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और चिकित्सकीय सलाह लें।
विभाग का कहना है कि जनसहयोग से ही डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए है और आवश्यकता अनुसार अन्य क्षेत्रों में भी फॉगिंग अभियान चलाया जाएगा।