रेवाड़ी। आईजीयू में विश्व रेड क्रॉस दिवस पर जागरूकता रैली निकालते हुए। स्रोत: विवि
रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में वर्ल्ड रेडक्रॉस सोसाइटी के संस्थापक सर जॉन हेनरी डुनेंट के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में विश्व रेड क्रॉस दिवस मनाया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर जेपी यादव ने बताया कि 8 मई को पूरे विश्व में वर्ल्ड रेडक्रॉस डे के रूप में मनाया जाता है। सोसाइटी भोजन की कमी, प्राकृतिक आपदाओं, युद्ध तथा महामारी के दौरान बिना किसी भेदभाव के आम लोगों की सहायता के लिए कार्य करती है। इस दिन को यादगार बनाने के लिए यूथ रेड क्रॉस कोऑर्डिनेटर डॉ. समृद्धि के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने जागरूकता रैली निकाल स्वस्थ तन, स्वस्थ मन और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए लोगों को जागरूक किया। डॉ. कविता गुप्ता व उनकी टीम ने विश्वविद्यालय में महिला स्वास्थ्य निरीक्षण कैंप का आयोजन किया। इसमें करीब 50 महिला कर्मचारी और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस अवसर पर यूथ रेड क्रॉस काउंसलर डॉ. जसविंदर, डॉ. रितु, पवन कुमार, सुमन नर्स, नफे सिंह, राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. ऋतु बजाज व समस्त स्वयंसेवक उपस्थित रहे।