रेवाड़ी। साउथ रेंज रेवाड़ी में हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नति के लिए चयन प्रक्रिया बुधवार को जिला पुलिस लाइन के मैदान में आयोजित की गई। इस दौरान रेंज के चार जिलों रेवाड़ी, पलवल, नूंह और महेंद्रगढ़ के कुल 226 पुरुष एवं महिला सिपाहियों ने भाग लिया जिन्होंने पूर्व में ऑनलाइन कंप्यूटर टेस्ट पास किया था।
चयन प्रक्रिया के तहत जवानों की शारीरिक क्षमता, ड्रिल और वेपन हैंडलिंग कौशल का कड़े मानकों पर परीक्षण किया गया। पूरी प्रक्रिया उच्चाधिकारियों की निगरानी में पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई। इस अवसर पर आईजीपी साउथ रेंज ओम प्रकाश नरवाल ने कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित है।
इससे योग्य और अनुशासित जवानों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि चयनित जवानों को थानों में जांच कार्यों की जिम्मेदारी संभालनी होगी इसके लिए उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें कानून की धाराओं और आधुनिक अनुसंधान तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। चयन प्रक्रिया के बाद आईजीपी ने पुलिस लाइन में मालखाना और एनडीपीएस मामलों में जब्त नशीले पदार्थों के भंडारण का निरीक्षण भी किया और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।