बावल (रेवाड़ी)। चोरों ने सामान्य बस अड्डे और रघुनाथपुरा में शुक्रवार की रात सात दुकानों का ताला तोड़कर नकद रुपये और ढाई लाख के सामान चोरी कर लिए। चोरों ने दो मंदिरों के दानपात्रों के ताले तोड़कर नकदी चुरा लिए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। चोरी की वारदातों से दुकानदारों में दहशत है। व्यापारियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाएं हैं। चोरों ने रेडिमेड कपड़े की एक दुकान में पुराने कपड़े उतार कर नए कपड़े भी पहने।
चोरों ने ढाणी अहीर स्थित शिव मंदिरों के दानपात्र को तोड़ा गया। दानपात्रों में करीब 4 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। फुटेज में तीन नकाबपोश चोर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। एक चोर ने कपड़े की दुकान में घुसकर अपने पुराने कपड़े उतारकर नए कपड़े पहने व चश्मा लगाया, फिर दूसरी दुकान से टोपी चुराई। इसके बाद कबाड़ की दुकान से पीतल व तांबा चुराया। जाते वक्त चोर टूटे हुए ताले को वहां रख दिया।
वारदात की सूचना मिलने पर बावल थाना पुलिस पहुंची। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। घटना से स्थानीय दुकानदारों में भारी रोष है।
चोरी की वारदातों के बाद व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। व्यापारियों का कहना है कि यहां पर ना तो चौकीदार है, ना ही पुलिस की गश्त होती है। चोरों ने एक साथ 7 दुकानों में चोरी की। इससे जाहिर होता है कि चोरों में पुलिस का खौफ नहीं है। यहां से थाना 5 किमी की दूरी पर है।
-
कबाड़ी की दुकान में पहले भी हो चुकी है चोरी
11 अगस्त 2024 को नांगल तेजू में कबाड़ी की दुकान से करीब 35 हजार रुपये का सामान चोरी हुआ था। गांव नागल तेजू के रहने वाले मनोज कुमार ने बताया कि गांव में ही स्थित श्री श्याम पेट्रोल पंप के नजदीक कबाड़ की दुकान की है। रात को दुकान बंद कर अपने घर गया था। सुबह जब वह दुकान खोलने के लिए दुकान पर आया तो पीछे की तरफ से एक जाल वाला गेट हटा था। अंदर सामान बिखरा था। पता चला 27 किलो तांबा, 12 किलो पीतल का स्क्रैप और 1 किलो साइलेंसर का पाउडर गायब है। लगभग 35 हजार रुपये का सामान चोरी हुआ था। इस बार भी यही हुआ है।
पीड़ित व्यापारियों ने जताई चिंता
मेरा फास्ट फूड का कार्य है। कैमरे में तीन चोर दिखाई दे रहे हैं। तीनों नकाब पहने हुए थे। चोरी की घटना रात करीब 1 बजे की है। दुकान से 1500 रुपये का नुकसान हुआ है। -मोहन, पीड़ित दुकानदार।
सीएचसी चलाता हूं। सुबह फोन आया कि दुकान खुली हुई है। कैमरा चेक किया तो पता चला कि 3 चोर आए व गल्ले से करीब 5 हजार रुपये लेकर भाग निकले।-राहुल, पीड़ित दुकानदार
कबाड़ी का कार्य करता हूं। काफी नुकसान हुआ है। करीब 10 किलो पीतल और 17 किलो तांबा चोरी हुआ है। 28 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।-मनोज कुमार, पीड़ित दुकानदार
-
वर्जन
चोरी की वारदातों की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम ने जायजा लिया था। सीसीटीवी कैमरे लेकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।-संजय, प्रभारी, थाना बावल।
मंदिर का टूटा हुआ दान पात्र। संवाद- फोटो : reasi news
मंदिर का टूटा हुआ दान पात्र। संवाद- फोटो : reasi news