रेवाड़ी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं की भौतिक विज्ञान और अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच जिले के 54 परीक्षा केंद्रों पर सोमवार को हुई। भौतिक विज्ञान और अर्थशास्त्र के कुछ कठिन सवालों ने विद्यार्थियों को उलझाया। परीक्षा में करीब आठ हजार परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया।
परीक्षा दोपहर साढ़े 12 बजे से साढ़े 3 बजे तक चली। विद्यार्थियों का प्रवेश दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ। केंद्रों पर प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों की गहन तलाशी ली गई। जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में बैठने की अनुमति दी गई।
नकल रोकने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े प्रबंध किए। परीक्षा केंद्रों के बाहर भीड़ को रोकने के लिए पुलिस लगातार गश्त करती रही और केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद रखा गया।
परीक्षा के दौरान नकल का कोई मामला सामने नहीं आया है। परीक्षा समाप्त होने के बाद अधिकतर विद्यार्थियों के चेहरे खिले नजर आए।
भौतिक विज्ञान के विद्यार्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र पाठ्यक्रम आधारित था और अधिकांश प्रश्न सीधे सिलेबस से पूछे गए थे। वहीं अर्थशास्त्र विषय के परीक्षार्थियों ने कहा कि प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत लंबा और थोड़ा कठिन था, विशेषकर बड़े प्रश्नों ने अधिक समय लिया।
अर्थशास्त्र का पेपर अच्छा रहा
अर्थशास्त्र की परीक्षा देकर केंद्र से बाहर आए 12वीं के छात्र जतिन ने बताया कि प्रश्नपत्र कुल मिलाकर संतुलित रहा। वस्तुनिष्ठ और लघु उत्तरीय प्रश्न आसान थे, जिन्हें हल करने में अधिक परेशानी नहीं हुई। दीर्घउत्तरीय प्रश्नों के जवाब लिखने में अधिक समय लगा। पेपर अपेक्षाकृत लंबा था, जिससे अंत तक समय का दबाव बना रहा। अच्छे अंक आने की उम्मीद है।
घुमाकर पूछे गए थे सवाल
12वीं के छात्र तरुण ने बताया कि अर्थशास्त्र का प्रश्नपत्र आसान था और सभी प्रश्न सिलेबस के दायरे में ही थे। कई सवालों को घुमाकर पूछा गया था, जिससे उन्हें समझने और सही तरीके से उत्तर लिखने में थोड़ी दिक्कत हुई। तैयारी अच्छी होने के कारण पेपर संतोषजनक रहा।
थ्योरी आसान, ऑब्जेक्टिव में आई चुनौती :
12वीं के छात्र उदय ने बताया कि अर्थशास्त्र की थ्योरी के प्रश्न आसान थे और सीधे सिलेबस से पूछे गए थे। ऑब्जेक्टिव सवाल कठिन थे जिससे हल करने में परेशानी हुई। नियमित रूप से पढ़ाई करने के कारण सभी प्रश्नों को हल करना ज्यादा मुश्किल नहीं रहा। उदय ने परीक्षा में बेहतर अंक आने की उम्मीद जताई।
-
आज होगी शिक्षा शास्त्र की परीक्षा
मंगलवार को 12वीं कक्षा की फिजिकल एजुकेशन विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 5 मार्च को 10वीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी। दोनों ही परीक्षाएं दोपहर साढ़े 12 बजे से साढ़े 3 बजे तक संचालित की जाएंगी।
वर्जन :
हरियाणा बोर्ड की भौतिक विज्ञान और अर्थशास्त्र विषय की 12वीं कक्षा की परीक्षा 54 केंद्रों पर हुई। परीक्षा के दौरान नकल का कोई मामला सामने नहीं आया है।-रतन सिंह, बोर्ड सुपरिटेंडेंट, रेवाड़ी।
फोटो: परीक्षा देने के बाद प्रश्नपत्र पर चर्चा करते सहपाठी विद्यार्थी। संवाद
फोटो: परीक्षा देने के बाद प्रश्नपत्र पर चर्चा करते सहपाठी विद्यार्थी। संवाद
फोटो: परीक्षा देने के बाद प्रश्नपत्र पर चर्चा करते सहपाठी विद्यार्थी। संवाद
फोटो: परीक्षा देने के बाद प्रश्नपत्र पर चर्चा करते सहपाठी विद्यार्थी। संवाद