धारूहेड़ा। खंड के गांव डूंगरवास में शिवरात्रि के उपलक्ष्य में दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का वीरवार से आगाज हो गया। दिन भर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई गईं। रस्साकशी के फाइनल मुकाबले में हाथी एक्सप्रेस डूंगरवास की टीम ने रोहतक की टीम को 2-0 से हराया। खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ समाजसेवी और बाबा रूपा दास मंदिर कमेटी के प्रधान मास्टर वीरेंद्र सिंह भाटोटिया ने किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल से ही ओलंपिक की खेल प्रतिभाएं निकलती हैं। छोटे-छोटे गांव के मैदाने से ही देश को ओलंपिक के कर्णधार मिलते हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के आयोजनों पर बल दिया। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर बाबा रूपा दास मंदिर कमेटी के सचिव मास्टर सुरेंद्र सिंह, सरपंच विपिन कुमार, बैंक ऑफ बड़ौदा के रीजनल मैनेजर जिले सिंह यादव, कोषाध्यक्ष सजन फौजी, भूदेव भाटोटिया, कंवर सिंह यादव, पूर्व सरपंच नवल सिंह फौजी, बालियर खुर्द के पूर्व सरपंच सूरज सिंह, मास्टर उमराव सिंह, वंश सुल्तानिया, पीटीआई दीप सिंह, विजय सिंह, प्रदीप पंच, राव बलबीर सिंह, जितेंद्र भोला, अतुल कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
100 मीटर दौड़ में भालकी माजरा के खेतानाथ रहे प्रथम
इस दौरान 100, 400 तथा 1600 मीटर दौड़, गोला फेंक, लंबी कूद तथा रस्साकशी के मुकाबले हुए। 100 मीटर दौड़ में भालकी माजरा के खेतानाथ प्रथम, रोहतक के सागर दूसरे स्थान पर रहे। 400 मीटर दौड़ में आदमपुर के मोहन प्रथम, भालखी माजरा के सरजीत द्वितीय रहे। 1600 मीटर दौड़ में आदमपुर के मोहन प्रथम तथा सरजीत दूसरे स्थान पर रहे। ऊंची कूद में भालखी माजरा के खेतानाथ प्रथम, रोहतक के सागर दूसरे स्थान पर रहे। गोला फेंक में रोहतक के नरेंद्र मान प्रथम, सौरभ डूंगरवास द्वितीय स्थान पर रहे।
शुक्रवार को भी होगा प्रतियोगिता का आयोजन
शुक्रवार को समापन अवसर बुजुर्गों की 100 मीटर दौड़, महिलाओं की मटका दौड़, लड़के लड़कियों की अंडर 100 मीटर दौड़ तथा लड़कियों की 100 मी. ओपन दौड़ करवाई जाएगी। मंदिर कमेटी के सचिव मास्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व विधायक मुंडावर स्व. मेजर ओपी यादव की धर्मपत्नी कविता यादव मुख्य अतिथि के रूप में पुरस्कार वितरण करेंगी। उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। श्रद्धालुओं के लिए भंडारा भी आयोजित किया गया है।