रेवाड़ी। डीसी राहुल हुड्डा ने बताया कि 15वें राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत भारत सरकार और एनएचएम, हरियाणा आगामी 15वें डी वॉर्मिंग राउंड को संस्थान आधारित निश्चित दिन के दृष्टिकोण से लागू करने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्त दिवस 15 फरवरी को लागू किया जाएगा और उसके बाद 20 फरवरी को मोप-अप दिवस मनाया जाएगा। इस अभियान के तहत 1-19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को कृमि मुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत 1-2 वर्ष के बच्चों के लिए एल्बेंडाजोल की खुराक आधा टैबलेट, 3-19 वर्ष के बच्चों के लिए एक टैबलेट, प्रजनन आयु वर्ग (20-24 वर्ष) वाली महिलाओं (गैर-गर्भवती और गैर-स्तनपान कराने वाली महिलाओं) के लिए एक टैबलेट का प्रावधान है।