रेवाड़ी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धारणा यादव ने सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले एएसआइ गिरधारी लाल के बच्चों की शिक्षा के लिए शुक्रवार को आठ लाख रुपये की राशि के चेक उनकी पत्नी को सौंपे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय में चैक लेने के लिए एएसआइ गिरधारी लाल की पत्नी व बच्चे पहुंचे थे। इस दौरान एचडीएफसी बैंक के मैनेजर अतुल रस्तोगी व सहायक संदीप सिंह भी मौजूद थे।
एएसआइ गिरधारी लाल की 14 जनवरी 2022 को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। वह राजस्थान से एक मामले में उद्धोषित अपराधी को गिरफ्तार करने के लिए गए थे। एचडीएफसी बैंक की स्कीम के तहत पुलिस विभाग द्वारा उनकी पत्नी आशा देवी को आर्थिक सहायता के लिए 50 लाख रुपये की राशि पहले दी जा चुकी है।