संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मानसून का आधा सीजन बीत गया लेकिन टेंडर विलंब से लगने के कारण इस बार शहर के नालों की सफाई नहीं हो पाई है। स्थिति यह है कि बारिश होते ही शहर की सड़कों पर पानी भर जाता है जिससे आवागमन प्रभावित होता है।
मानसून सीजन शुरू होने से पूर्व प्रति वर्ष नालों की सफाई के लिए नगर परिषद की ओर से टेंडर किया जाता है लेकिन तीन वर्ष से शहर के नालों की ठीक से सफाई नहीं हो पा रही है। कभी टेंडर लेट होने से नालों की सफाई समय से नहीं हो पाती है तो कभी अन्य कारणों से यह कार्य प्रभावित होता है। गत वर्ष बारिश का मौसम शुरू होने पर नालों की सफाई करके खानापूर्ति कर दी गई। इस बार आधा मानसून बीत चुका है लेकिन नालों की सफाई नहीं हुई। इससे सरकुलर रोड सहित कई स्थानों पर लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
मुख्य सर्कुलर रोड, दिल्ली रोड, अग्रसेन चौक से भाड़ावास गेट और पंजाबी पोटरी नाले की सफाई के लिए 36.79 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।वर्तमान में शहर के सेक्टर-एक के पास बरसाती नाला, मिनी बाइपास से साधुशाह नगर की तरफ जाने वाले नाला, दिल्ली रोड का नाला, ऑटो मार्केट, राव तुलाराम पार्क के पास, मॉडल टाउन और सरकुलर रोड का नाला गंदगी अटने से जाम है। नालों की सफाई न होने के कारण सीवर ओवरफ्लो होते हैं। वर्तमान में सरकुलर रोड सहित कई जगह सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं।
नालों की सफाई के बाद नहीं उठाया जाता कचरा
शहर के निवासी राजेश, सुनील, विनोद ने बताया कि हर साल नालों की सफाई समय पर नहीं होती है, जिस वजह से मानसून के दिनों में जलभराव की समस्या से शहरवासियों को जूझना पड़ता है। जब नालों की सफाई होती है तो कचरा समय से नहीं उठाया जाता है, जिससे या तो आसपास कचरा फैल जाता है या बारिश होने पर फिर कचरा नाली में चला जाता है। जाम पड़े नालों से बदबू भी आती है, घर में रहना मुश्किल हो जाता है। नागरिकों ने कहा है कि शहर के नागरिक अस्पताल, नई आबादी, राजीव नगर, माॅडल टाउन, अनाज मंडी, बस स्टेंड, पुरानी सब्जी मंडी, कटला बाजार, रेलवे स्टेशन, ऑटो मार्केट, नाईवाली चौक, सती कॉलोनी, कृष्णा नगर, शक्तिनगर पुराना व नया हाउसिंग बोर्ड समेत शहर के निचले इलाकों में जलभराव की समस्या रहती है।
वर्जन:
शहर में कई स्थानों पर नालों की सफाई करवाई गई है। जहां पर नालों की सफाई नहीं हुई है वहां पर भी कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। लोगों को इस बार किसी भी प्रकार के परेशानी नहीं होने दी जाएगी। -पूनम यादव, चेयरपर्सन, नगर परिषद रेवाड़ी।