संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिला खाद्य व आपूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं को 15 अगस्त तक जुलाई माह का भी सरसों का तेल देने का निर्णय लिया है। सरसों के तेल के वितरण की अवधि 15 अगस्त तक बढ़ा दी गई है।
जिले में जुलाई में तेल से वंचित रहे 36 हजार कार्डधारकों को अगस्त में दो माह का सरसों का तेल मिलेगा। इसके लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने पत्र जारी किया गया है। डीएफएसई अशोक रावत ने बताया कि इस संबंध में सभी निरीक्षक को जानकारी दी गई है। डिपो होल्डर को सरसों तेल के वितरण के बारे में बताया गया है। अब जिन्हें जुलाई में तेल नहीं मिला था, उन्हें अगस्त माह में सरसों के तेल की 2 बोतल मिलेंगी। अगर कोई डिपो होल्डर जुलाई में वंचित कार्डधारकों तेल देने में आनाकानी करता है, तो शिकायत दर्ज की जा सकती है।
डिपो होल्डर वेलफेयर एसोसिएशन के अनुसार जिले में 36 हजार 27 कार्डधारक जुलाई में सरसों के तेल के साथ राशन से वंचित रह गए थे। इसके लिए डिपो होल्डर अधिकारियों से मिले थे और हेड क्वार्टर के नाम एलोकेशन बढ़ाने के लिए पत्र भी लिखा था। एसोसिएशन के प्रधान नागरमल लखेरा, दिनेश खोरी ने बताया कि जिले में 1 लाख 53 हजार 459 कार्डधारकों को प्रत्येक कार्ड पर 2 किलो तेल और 1 किलो चीनी दी जाती है। सभी कार्ड धारकों को वितरण के लिए 3 लाख 6 हजार 918 लीटर तेल की जरूरत होती है। जुलाई में विभाग ने 2 लाख 20 हजार 24 लीटर की तेल की एलोकेशन जारी की थी। वहीं, डिपो होल्डर के पास 14 हजार 840 लीटर तेल पहले से स्टॉक में था। इस तरह कम एलोकेशन के चलते जुलाई में लगभग 36 हजार 27 कार्डधारक तेल के साथ राशन से वंचित रह गए थे। अब जुलाई में वंचित रहे कार्डधारकों के लिए जुलाई की एलोकेशन को बढ़ाकर 3 लाख 6 हजार 918 लीटर कर दिया गया है। अब 31 तारीख तक वंचित कार्डधारकों को अगस्त के राशन के साथ ही जुलाई के तेल भी वितरित किया जाएगा।
-
वर्जन
यदि किसी कार्डधारक को किसी डिपो धारक से कोई शिकायत है तो वह विभाग के टोल फ्री नंबर 18001802087 व 1967 दूरभाष पर संपर्क कर सकता है। उपभोक्ता जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक कार्यालय में भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।-अशोक कुमार, डीएफएससी।