संवाद न्यूज एजेंसी
कुंड। मनेठी स्थित उप तहसील प्रांगण में एम्स संघर्ष समिति की बैठक श्योताज़ सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें हाथरस की घटना में मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मृतक के आश्रितों को उचित मुआवज़ा देने की मांग की। इस दौरान श्योताज ने कहा कि सरकार माजरा एम्स में ओपीडी शुरू करे अन्यथा आंदोलन किया जाएगा।
इसके बाद गांव नांधा के जयदयाल सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। निर्णय लिया गया कि 16 जुलाई को उपायुक्त के माध्यम से हरियाणा के मुख्य मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री भारत सरकार, गुरुग्राम सांसद और अलवर के सांसद के नाम माजरा एम्स में ओपीडी शुरू करवाने और एमबीबीएस कक्षाएं शुरू करवाने के लिए ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि फिर भी कोई सुनवाई नहीं हुई तो दोबारा से आंदोलन शुरू किया जाएगा। सभी वक्ताओं ने मनेठी तहसील के भवन के पिछले 10 साल से निर्माण न करवाए जाने पर भी दुख जताया और सरकार से मांग की कि हरियाणा सरकार तुरन्त मनेठी तहसील के भवन का निर्माण कार्य शुरू करवाए ताकि जनता को जर्जर भवन से होने वाले हादसे से बचाया जा सके।
वक्ताओं में मुख्य रूप से रिटायर्ड जिला शिक्षा अधिकारी धर्मबीर बल्डोदिया, डॉक्टर एचडी यादव, कैलाश चंद कार्यकारी अध्यक्ष, मास्टर लक्ष्मण सिंह, मास्टर जितेंद्र सिंह रिटायर्ड हेडमास्टर, रामनिवास शर्मा भालखी, मूलचंद आर्य प्राणपुरा, मास्टर दयाराम गोठड़ा, रामस्वरूप अहरोदिया, लालसिंह, अमर सिंह उपस्थित रहे।