संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव ने मंगलवार को रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र के कालूवास, काकोड़िया, खिंजूरी और निखरी गांव में आयोजित जनसंवाद में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनका निराकरण कराया। गांव कालूवास में हाथों हाथ 14 बुजुर्गों की पेंशन कराई गई।
ओमप्रकाश यादव ने ग्रामीणों की वृद्धावस्था पेंशन, परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड सहित अन्य शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही शिकायतों व समस्याओं का त्वरित समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने गांव कालूवास में मौके पर 5 गुलाबी कार्ड, 15 बीपीएल कार्ड बनाने सहित 14 बुजुर्गों की पेंशन चालू करवाई। इस दौरान ग्रामीणों ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री का स्वागत किया।
ओमप्रकाश यादव ने कहा कि सरकार ने परिवार पहचान पत्र के आधार पर पेंशन योजनाओं को हकदारों तक पहुंचाया। परिवार पहचान पत्र के अनुसार जिनकी उम्र 60 साल हो गई है और जिनकी पति-पत्नी की सालाना इनकम 3 लाख रुपये से कम है, उनका डाटा क्रीड की तरफ से सोशल जस्टिस डिपार्टमेंट को भेज दिया जाता है।
जनसंवाद कार्यक्रम में स्टेट कोऑर्डिनेटर पीपीपी सतीश खोला, सुनील यादव, एसडीएम रेवाड़ी होशियार सिंह, मंत्री ओम प्रकाश यादव के मीडिया सलाहकार राजेश यादव और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सड़क तंत्र की मजबूती बनी देश के विकास का आधार
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव ने कहा कि मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत ढांचागत विकास हुआ है और प्रदेश का सड़क तंत्र देश के विकास का आधार बना है। कहा कि देश में स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा, कृषि, सडक़, बिजली, पानी, किसान कल्याण, रक्षा क्षेत्र, महिला सशक्तिकरण सहित अन्य क्षेत्रों में सुधार देखने को मिला है। हरियाणा सरकार द्वारा आमजन की शिकायतें, मांगें व सुझाव लेने के लिए सीधे लोगों के बीच जाने की पहल शुरू की गई है। जन संवाद कार्यक्रम जन-जन की आवाज बन चुका है। जहां जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होता है, उसमें स्थानीय लोग तो शामिल होते ही हैं बल्कि आस-पास के गांवों व शहरों के लोग भी अपनी बात मुख्यमंत्री के समक्ष रखने के लिए पहुंचते हैं। सरकार की ओर से जनसंवाद कार्यक्रम धरातल पर सरकारी की योजनाओं के क्रियान्वयन और लोगों से सीधे फीडबैक लेने के लिए शुरू किया गया है।